Acharya Balkrishna

ज्ञान अर्जन के लिए प्रबल इच्छा जरूरी: बालकृष्ण

17 Sep 2019: देवप्रयाग से 10वीं में टॉप करने वाले विद्यार्थियों का एक दल विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में पतंजलि योगपीठ पहुंचा। उन्होंने पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण महाराज से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि ज्ञान अर्जन के लिए धन, वैभव या सुविधाएं नहीं बल्कि ज्ञान प्राप्ति की इच्छा और पुरुषार्थ ही एकमात्र कुंजी है।
 उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पतंजलि अग्रणी प्रयास कर रहा है। पतंजलि ने मैकाले की शिक्षा प्रणाली को समाप्त कर भारतीय वैदिक शिक्षा के विस्तार के लिए अग्रणी कार्य किया है। जहां एक ओर शिक्षा को व्यापार बनाकर देश की जनता को लूटा जा रहा है वहीं पतंजलि ने आधुनिक उच्च शिक्षा के साथ साथ भारतीय वैदिक परंपरा व ऋषियों के ज्ञान को भी सुलभ कराया है।
इस अवसर पर देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि पतंजलि की सेवापरक गतिविधियों का लाभ आज देश ही नहीं पूरा विश्व ले रहा है। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग के मूल्यागांव में पतंजलि की ओर से स्थापित पतंजलि सेवाश्रम का लाभ केदारनाथ आपदा पीड़ित सैकड़ों अनाथ बच्चों को मिल रहा है। पतंजलि सेवाश्रम ने आपदा पीड़ित बच्चों को गोद लेकर उनके जीवन को बर्बाद होने से बचाया है। जहां एक ओर सेवाश्रम में इन अनाथ बच्चों को वस्त्र, भोजन और उच्च शिक्षा व्यवस्था का लाभ मिल रहा है तो वहीं दूसरी ओर सेवाश्रम की व्यवस्था तथा संचालन में स्थानीय लोगों को रोजगार भी प्राप्त हो रहा है।Read More….